खगड़िया: जिला क्रिकेट संघ के सचिव देवराज कुमार ने बताया की आज 28 सितंबर 2026 को स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग (एसजीएम) जिला क्रिकेट संघ कार्यालय, जेएनकेटी स्टेडियम कैंपस में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बाबूलाल शोर्य ने की। बैठक में जिला क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 सहित क्रिकेट गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बाढ़ एवं वर्षा की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए 11 अक्टूबर 2026 से लीग शुरू करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। लीग के अंतर्गत सुपर डिवीज़न ए डिवीजन एवं जूनियर डिवीजन के आयोजन, प्रारूप एवं संचालन व्यवस्था को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सुपर डिवीजन के मैचों को कलर ड्रेस में कराने का निर्णय लिया गया। वहीं सत्र 2026-27 के लिए चयन समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई। चयन समिति में सदानंद प्रसाद को चेयरमैन, जबकि करमवीर कुमार (साईं एनएस एनआईएस एवं बीसीसीआई क्वालिफाइड कोच), मुकेश कुमार तथा रजनीश कुमार वरीय खिलाड़ी को सदस्य बनाया गया।
एसजीएम में बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) की आगामी प्रतियोगिताओं में खगड़िया जिला क्रिकेट संघ की टीमों की भागीदारी, खिलाड़ियों के पंजीकरण, क्लब प्रतिनिधित्व, एनओसी एवं स्थानांतरण तथा अनुशासन संबंधी नियमों के पालन पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मैच अधिकारियों, अंपायर, स्कोरर, फिजियो/मेडिकल स्टाफ, मैदान, पिच एवं खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

बैठक में जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव देवराज कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, खिलाड़ी प्रतिनिधि रजनीश कुमार, पूर्व सचिव सदानंद प्रसाद एवं संरक्षक प्रविश यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।इसके अलावा राजेश कुमार,विक्रांत कुमार उर्फ विक्की आर्या , विक्की यादव, विक्की कुमार, सन्नी कुमार, विनोद झा, दीपक कुमार, केशव कुमार, कुंदन निषाद सहित अन्य क्लब पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। जिला क्रिकेट संघ से संबद्ध कुल 20 क्लबों के सचिव/अधिकृत प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
बैठक में लिए गए सभी प्रस्तावों को उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से पारित एवं अनुमोदित किया गया। अध्यक्ष बाबूलाल शोर्य ने सभी क्लब प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सत्र में जिला क्रिकेट को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से संचालित करने में सभी से सहयोग की अपील की।
Share this content: