- टूर्नामेंट 25 जुलाई से श्री कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड, तैयारी जोरों पर
पटना,21 जुलाई। पूर्व आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन की ओर से 18वीं रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर—13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 25 जुलाई से श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में विजेता व उपविजेता टीमों को दी जाने वाली चमचमाती ट्रॉफी समेत अन्य ट्रॉफियों का अनावरण एक भव्य समारोह में सहकारिता मंत्री, बिहार सरकार रामकृपाल यादव एवं रणधीर वर्मा फाउंडेशन के सचिव सतीश राजू ने किया। ट्रॉफी का अनावरण करते हुए मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि रणधीर वर्मा जैसे साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के साथ-साथ देशसेवा और नैतिक मूल्यों की भी प्रेरणा देती है। उन्होंने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच देने के लिए इस तरह के टूर्नामेंट बेहद जरूरी हैं।
ट्रॉफी अनावरण के दौरान पटना ग्रामीण जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार, विक्रम के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अतुल कुमार, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक विकास कुमार गोल्डी, कंचन कुमारी,आईटी सेल प्रमुख मोहित श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रभारी अभीराम शर्मा आदि मौजूद रहे।
रणधीर वर्मा फाउंडेशन के सचिव संस्थापक और भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने दी। उन्होंने आगे भी बताया कि इस बार भी आयोजन समिति बेहतर सुविधाओं और उच्च स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी कर रही है। इसकी जिम्मेदारी सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन को दी गई है।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले 21-21 ओवर के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे। नॉकआउट फॉर्मेट होने के कारण हर मैच बेहद महत्वपूर्ण होगा और टीमों को शुरुआत से ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। ऐसे प्रारूप में दर्शकों को भी रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न व्यक्तिगत और टीम पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को प्रतिष्ठित मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी प्रदान किया जाएगा। सतीश राजू ने आगे कहा कि टूर्नामेंट के संदर्भ में विशेष जानकारी के लिए सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के संतोष तिवारी से 9386962380 पर संपर्क कर सकते हैं।
Share this content: