Loading Now
×

महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी का शानदार आगाज़, पहले दिन टीम B और टीम C ने दर्ज की जीत

पटना, 7 जून। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी 2024-25 की शुरुआत आज मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन कुल दो मुकाबले खेले गए, जिसमें टीम B और टीम C ने अपने-अपने मैच जीतकर टूर्नामेंट की शुरुआत सकारात्मक अंदाज़ में की।

*पहला मुकाबला: टीम A बनाम टीम B*

सुबह 8 बजे शुरू हुए पहले मुकाबले में टीम B ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में टीम B ने तीन विकेट पर 165 रन बनाए। बल्लेबाज दीप ने 69 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 90 रनों की प्रभावी पारी खेली, जबकि स्वीटी कुमारी ने 28 गेंदों में चार चौके लगाकर 37 रन जोड़े।

टीम A की ओर से गेंदबाजी में सौम्या अखौरी ने चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट, सलोनी कुमारी ने तीन ओवर में 14 रन देकर एक विकेट और प्रतिभा ने तीन ओवर में 19 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

जवाब में टीम A की बल्लेबाज़ी भी मजबूत रही। टीम ने चार विकेट पर 161 रन बनाए लेकिन लक्ष्य से 4 रन पीछे रह गई। प्रतिभा ने 41 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 70 रन बनाए, सलोनी कुमारी ने 49 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 46 रन और कप्तान सोनी कुमारी ने 11 रन बनाए।

टीम B के लिए गेंदबाजी में काजल, कप्तान अक्षरा गुप्ता और खुशबू ने एक-एक विकेट हासिल कर टीम को 4 रन से जीत दिलाई।

*दूसरा मुकाबला: टीम D बनाम टीम C*

दोपहर 2:30 बजे शुरू हुए दिन के दूसरे मुकाबले में टीम D ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 139 रन बनाए। टीम की ओर से नेहा कुमारी ने 53 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 58 रन की सधी हुई पारी खेली, जबकि सीमा सैनी ने 12 रन का योगदान दिया।

टीम C की ओर से गेंदबाजी में प्राची के. ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट, वर्षा उपाध्याय ने 3 ओवर में एक मेडन सहित 11 रन देकर 2 विकेट और जुली कुमारी ने 4 ओवर में 8 रन देकर 1 विकेट लिए। इसके अलावा चैताली संजीत और सागरिका कुमारी ने भी एक-एक सफलता हासिल की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम C ने 7 विकेट पर 143 रन बनाकर मुकाबला 3 गेंद शेष रहते जीत लिया। बॉबी कुमारी ने 43 गेंदों में 8 चौकों के साथ 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि यशिका ने 24 रनों का योगदान दिया।

टीम D की गेंदबाजी में रिशु ने 4 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट और मुखड़ा भारद्वाज ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट लिए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकीं।

इस तरह महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी का पहला दिन प्रतिस्पर्धात्मक और प्रेरक प्रदर्शन से भरा रहा, जिससे आने वाले मुकाबलों के प्रति उत्साह और भी बढ़ गया है।

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment