Loading Now
×

सी.के.नायडू ट्रॉफी: बिहार ने पहले दिन मणिपुर पर बनाई 68 रनों की बढ़त, वासुदेव प्र.सिंह का पंजा

पटना : बीसीसीआई द्वारा आयोजित कोल. सी.के. नायडू ट्रॉफी (अंडर-23) प्लेट ग्रुप में बिहार और मणिपुर के बीच मुकाबला मोइन-उल-हक़ स्टेडियम, पटना में खेला जा रहा है। मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट पर 170 रन बना लिए हैं और उसे 68 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है।

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मणिपुर की टीम बिहार के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 40.1 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। बिहार की ओर से गेंदबाजी में वासुदेव प्रसाद सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11.1 ओवर में 5 मेडन और 26 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा बादल कनौजिया ने 2 विकेट, सुमन कुमार और सूरज कश्यप ने 1-1 विकेट हासिल किया।मणिपुर की ओर से कालयन ने सर्वाधिक 27 रन, मोहम्मद इरफान ने 23 रन और कप्तान संजीत ने 20 रन का योगदान दिया।

 

जवाब में बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की। आर्यन राज ने 134 गेंदों पर 12 चौके लगाकर नाबाद 81 रन बनाए, जबकि कप्तान आकाश राज 46 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की उपयोगी साझेदारी रही। प्रारंभिक बल्लेबाज प्रशांत कुमार ने 29 रन बनाए।

 

पहले दिन का खेल समाप्त होने पर बिहार की स्थिति मजबूत रही और टीम 47 ओवर में 2 विकेट पर 170 रन बनाकर मणिपुर पर 68 रनों की बढ़त ले चुकी है। अब दूसरे दिन बिहार की टीम बढ़त को और अधिक मज़बूत करने की कोशिश करेगी।

Post Comment