Loading Now
×

पटना फुटबॉल संघ ने चैंपियन टीम के सदस्यों को किया सम्मानित 

पटना, 28 जुलाई। पिछले दिनों बेगूसराय में संपन्न मोइनुल हक कप फॉर बिहार सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली पटना टीम के खिलाड़ियों व सपोर्टिंग स्टॉफ को पटना फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

स्थानीय स्काडा बिजनेस सेंटर में पटना फुटबॉल संघ के चेयरमैन सह बिहार सरकार के पूर्व उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को किट देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पटना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राम ईश्वर प्रसाद, सचिव मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, पूर्व संतोष ट्रॉफी संतोष कुमार और महताब सिद्दिकी मौजूद थे।

इस मौके पर पटना फुटबॉल संघ के चेयरमैन समीर कुमार महासेठ ने खिताब जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सबों की मेहनत से बिहार फुटबॉल जगत में पटना का मान कायम रहा। हमारी टीम ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए इस टीम को चयन करने वाले चयनकर्ता भी बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि पटना फुटबॉल संघ जिला में फुटबॉल के विकास के लिए दृढ़संकल्पित है। आने वाले दिनों में लीग के अलावा भी कुछ कार्यक्रम कराये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप खिलाड़ी केवल अपने खेल पर ध्यान दें और इसके लिए संसाधन संघ उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास करेगा।

इस मौके पर अध्यक्ष रामईश्वर प्रसाद ने कहा कि हमने खिताब जीतने वाली टीम के सारे सदस्यों पर गर्व है क्योंकि उन्होंने पटना का मान-सम्मान कायम रखा। उन्होंने कहा कि संघ जूनियर स्तर पर टीम को बेहतर करने का प्रयास कर रही है। सबों का स्वागत व धन्यवाद व्यक्त पटना फुटबॉल संघ के सचिव मनोज कुमार ने किया।

Post Comment