सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी : मिजोरम को हरा बिहार की टीम ने दर्ज की लगातार चौथी जीत
पटना 12 फरवरी 2026: सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी प्लेट के तहत गुरुवार को भुवनेश्वर स्थित KIIT क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए महिला लिस्ट ए मुकाबले में बिहार महिला टीम ने मिजोरम को 159 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस मैच में बिहार का प्रदर्शन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित और प्रभावी रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 242 रन बनाए। पारी की शुरुआत में एक विकेट जल्दी गिरने के बाद मध्यक्रम ने जिम्मेदारी संभाली। वैदेही यादव ने 76 गेंदों पर 51 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, जबकि यशिता सिंह ने 80 गेंदों में 57 रनों की उपयोगी पारी खेली। विकेटकीपर श्रुति ने 31 गेंदों पर 29 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में हरषिता ने 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर रन गति को बनाए रखा, जिससे बिहार एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंच सका।

242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिजोरम की टीम बिहार की अनुशासित और सटीक गेंदबाजी के सामने 42 ओवर में 83 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी में फ़ेलफ़ेल पौटू ने 27 और ज़ोतन संगी ने 16 महत्वपूर्ण रन बनाया।
गेंदबाजी में बिहार की ओर से अपूर्वा ने 7 ओवर में 5 मेडन रखते हुए 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह दबाव में रखा। रचना सिंह ने 6 ओवर में 2 मेडन के साथ 8 रन देकर 1 विकेट लिया। पी. प्रिया ने 6 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वैदेही यादव ने 8 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। खुशबू सी कुमारी ने भी 5 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट लेकर गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती प्रदान की।

इस जीत पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने बिहार महिला टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी है। एसोसिएशन ने इसे टीम की लगातार चौथी जीत बताते हुए खिलाड़ियों के सामूहिक, अनुशासित और निरंतर प्रयास की सराहना की है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि टीम इसी लय और प्रतिबद्धता के साथ आगामी मुकाबले में भी अपना प्रदर्शन जारी रखेगी। बिहार महिला टीम का अगला मुकाबला सिक्किम के खिलाफ खेला जाएगा, जिसके लिए एसोसिएशन ने टीम को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
*Match Details*
Tournament: SENIOR WOMENS ONE DAY TROPHY PLATE
Match: Bihar vs Mizoram
Toss: Bihar won the Toss and elected to bat
Venue: KIIT Cricket Stadium, Bhubaneshwar
On-Field Umpires: Ramesh Kumar, Jishnu Ajith
Referee: Soumya Ranjan Swain
*Result: Bihar Won By 159 Runs*
Points: Bihar-4 :: Mizoram-0
*Player Of The Match: Vaidehi Yadav (Bihar)*



Post Comment