अग्रसेन सरस्वती विद्यामंदिर बना रामनाथ सिंह मेमोरियल अंतर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का विजेता।
धनबाद : अग्रसेन सरस्वती विद्यामंदिर ने रामनाथ सिंह मेमोरियल अंतर स्कूल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। मंगलवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गए फाइनल में अग्रसेन सरस्वती विद्यामंदिर ने डीएवी स्कूल कोयलानगर को 41 रनों से हरा दिया।
टास अग्रसेन सरस्वती विद्यामंदिर ने जीता और उसकी टीम पहले बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी। हालांकि उसके बल्लेबाज निर्धारित 20 ओवर भी खेल नहीं पाए और एक गेंद शेष रहते नौ विकेट पर 96 रन ही बना सके। इसमें अंश तिवारी ने 33 रनों का शानदार योगदान दिया। इसके अलावा भूपेंद्र केवट ने 12 और जीत वर्मा ने दस रन बनाए। डीएवी के आयुष राज ने 16 पर दो, आकाश कुमार विश्वकर्मा ने 16 पर दो और कुमार अंशुमन व युवराज ने एक-एक विकेट लिए।

बाद में बल्लेबाजी करने उतरी डीएवी की टीम इस छोटे से लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही और उसके सभी बल्लेबाज 14 ओवर में 55 रन पर आउट हो गई। शिवांश तेजस ने 13 और आयुष राज ने दस रन बनाए। वहीं अग्रसेन सरस्वती विद्यामंदिर के लिए अभिमन्यु राय ने 14 पर चार और दीपक कोयरी ने आठ पर दो विकेट लिए।
बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बीसीसीएल लोदना एरिया के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्राफियां प्रदान की। डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जावेद खान व गुरमीत सिंह डांग, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार व संयुक्त सचिव बीएच खान ने टूर्नामेंट के मैचों में चुने गए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अंपायर मणिशंकर झा, प्रिंस कुमार शर्मा व स्कोरर दीपक कुमार उपस्थित थे।

Share this content:



Post Comment