पटना, 4 अक्टूबर 2026: पटना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के प्रशासक नियुक्त किए गए न्यायमूर्ति श्री अश्विनी कुमार सिंह ने 1 अक्टूबर 2026 को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन भी शुरू कर दिया।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी तथा बिहार (पुरुष अंडर-19) वीनू मांकड़ ट्रॉफी कैंप के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को चयन ट्रायल में शामिल होने की हरी झंडी दे दी। जहां पर BCCI द्वारा बुलाए गए चयनकर्ताओं की निगरानी में यह ट्रायल संपन्न होगा।
सभी शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को एसोसिएशन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में आज 04/10/2026 को 2 बजे से आयोजित होने वाले ट्रायल में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने कहा, “बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालना मेरे लिए अत्यंत जिम्मेदारी और सम्मान का विषय है। मेरी तत्काल प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि बिहार में क्रिकेट की गतिविधियां सुचारू, पारदर्शी और खिलाड़ियों के सर्वोत्तम हित में लगातार जारी रहें।”

न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने की शानदार उपलब्धि पर बधाई भी दी।
उन्होंने कहा, “मैं वैभव सूर्यवंशी को हार्दिक बधाई देता हूं। उनकी यह उपलब्धि बिहार और पूरे क्रिकेट जगत के लिए गर्व का क्षण है। वैभव की सफलता राज्य के अनगिनत युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणास्रोत है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि वे अपने करियर में आगे भी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे।”

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव सहित BCA परिवार ने न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह के प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालने का स्वागत किया है तथा विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य की क्रिकेट व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने युवा क्रिकेटरों को प्रोत्साहित करने और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं पूरी तरह योग्यता आधारित बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक अवसर, सुविधाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया।
Share this content: