बिहार। SGFI अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को 36 रनों से पराजित कर दिया। मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम ने निर्धारित पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। बिहार की ओर से शाश्वत वत्स ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 32 गेंदों पर 69 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं उत्सव मोदी ने 30 गेंदों पर 45 रन और हरिओम ने 18 गेंदों पर 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। महाराष्ट्र की ओर से प्रद्युम्न ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र की टीम बिहार के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 140 रनों पर ऑलआउट हो गई। बिहार की ओर से हाशिर नजम ने 3 विकेट, शाश्वत राज ने 2 विकेट और कुमार शान ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस प्रकार बिहार की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर महाराष्ट्र को 36 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बिहार के खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन ने टीम की मजबूती और जीत के जज्बे को प्रदर्शित किया।
Share this content: