Loading Now
×

कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी बना बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप का चैंपियन

  • 43 रन में सिमटा फाइनल, कैम्ब्रिज बना बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप का चैंपियन
  • आर्यन राज की कहर बरपाती गेंदबाजी, सात विकेट लेकर शंख एकादश की पारी 21 रन पर समेटी

पटना। खेमनीचक स्थित श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान में शनिवार को 8वें बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप अंडर-13 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने अपने नाम कर लिया। सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में कैम्ब्रिज ने शंख एकादश को आठ विकेट से हराया।

फाइनल मुकाबला अपने बेहद कम स्कोर के कारण यादगार बन गया। दोनों पारियों को मिलाकर मुकाबले में महज 43 रन बने। कैम्ब्रिज के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि शंख एकादश की पूरी टीम महज 21 रन पर ढेर हो गई।

IMG-20260810-WA0014-225x300 कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी बना बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप का चैंपियन
बेस्ट बॉलर ऑफ़ द टूर्नामेंट

आर्यन के आगे बल्लेबाज बेबस

फाइनल में शंख एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम का यह निर्णय जल्द ही गलत साबित होने लगा। बिहार कैम्ब्रिज के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही शंख के बल्लेबाजों पर शिकंजा कस दिया। कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। आधे से अधिक बल्लेबाज खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।

IMG-20260501-WA0009 कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी बना बाबू वीर कुंवर सिंह गोल्ड कप का चैंपियन

कैम्ब्रिज के तेज गेंदबाज आर्यन राज ने अपनी धारदार गेंदबाजी से शंख की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने पांच ओवर में चार मेडन डालते हुए महज दो रन खर्च किए और सात विकेट अपने नाम किए। आर्यन की गेंदों का शंख के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। उनका साथ देते हुए आदर्श कुमार ने भी एक ओवर में बिना कोई रन दिए तीन विकेट झटक लिए। दोनों गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी के सामने शंख एकादश की पूरी टीम 11 ओवर में महज 21 रन पर सिमट गई। टीम के स्कोर में अतिरिक्त के 12 रन शामिल रहे।

5.1 ओवर में चैंपियन

21 रन के बेहद छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने भी शुरुआत संभलकर की। टीम ने 5.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 22 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। कैम्ब्रिज के स्कोर में अतिरिक्त के 11 रन शामिल रहे। इस जीत के साथ कैम्ब्रिज ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

फाइनल में गेंद से मैच का रुख पूरी तरह बदलने वाले आर्यन राज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार भी मिला। वहीं बेस्ट बैटर** का पुरस्कार आदर्श राज को प्रदान किया गया।

खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

मैच समाप्त होने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी, इंद्रदीप चंद्रवंशी, दिलीप कुमार और अमोद कुमार ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। अतिथियों का स्वागत सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के महासचिव संतोष तिवारी ने किया।

संक्षिप्त स्कोर

शंख एकादश : 11 ओवर में 21/10 (अतिरिक्त 12; आर्यन राज 7/2, आदर्श कुमार 3/0)।

बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी : 5.1 ओवर में 22/2 (अतिरिक्त 11)।

 

 

मैन आफ द सीरीज: श्रेष्ठ सुमन (सीएबी)

प्लेयर ऑफ द मैच : आर्यन राज (बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी)

बेस्ट बैटर : आदर्श राज (बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी)

बेस्ट बॉलर : श्रेष्ठ सुमन (सीएबी)

Share this content:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment

🔒 Security Check
6 + 1 = ?