पटना, 1 नवंबर 2026। बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में रविवार को 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सह हरियाणा सरकार के मंत्री किशन लाल पंवार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन मुकाबले में बिहार ने मणिपुर को 65-17 से पराजित किया।

अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप को खेल विभाग, बिहार सरकार का सहयोग प्राप्त है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई।
खेल के क्षेत्र में हरियाणा को टक्कर देगा बिहार : सम्राट चौधरी
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार हर क्षेत्र में विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में खेल के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार हरियाणा को टक्कर देगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए समर्पित खेल संसाधनों और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करेगी। सरकार प्रत्येक खेल के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित करेगी और तैयार इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधित खेल संघों को सौंपा जाएगा, ताकि संघ उसका बेहतर संचालन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी बिहार के ब्रांड एंबेसडर बनकर जाएंगे। उन्होंने आयोजकों से आग्रह किया कि खिलाड़ियों को नालंदा, राजगीर और बिहार म्यूजियम जैसे ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराएं। उन्होंने कहा कि बिहार अब काफी बदल चुका है।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में पूरी प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ खेलें, लेकिन अनुशासन बनाए रखें। विजेता और उपविजेता एक ही टीम बनेगी, लेकिन प्रतियोगिता में भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों को लक्ष्य रखना चाहिए कि वे आने वाले दिनों में देश का नाम रोशन करें।

खेलों के विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा बिहार : श्रेयसी सिंह
विशिष्ट अतिथि खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में खेलों के विकास की गति काफी तेज हुई है। राज्य में बड़े-बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो रहे हैं। खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
खेल के माध्यम से हरियाणा ने बनाई देश में पहचान : किशन लाल पंवार
अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सह हरियाणा सरकार के मंत्री किशन लाल पंवार ने कहा कि छोटा सा राज्य हरियाणा खेलों के माध्यम से पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है। ओलंपिक और एशियन गेम्स में पदक जीतने के मामले में हरियाणा के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हैं।उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से कोई भी राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
आयोजन समिति ने अतिथियों का किया स्वागत
आयोजन सचिव सह बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि बिहार में केवल कबड्डी ही नहीं, बल्कि सभी खेलों का विकास हो रहा है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कार्य कर रही है, जिसके लिए खेल जगत सरकार का आभारी है।बिहार राज्य कबड्डी संघ के संरक्षक अंजनी कुमार सिंह ने अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

कबड्डी के दिग्गजों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के मुख्य प्रशिक्षक एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित बलवान सिंह तथा भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सदस्य अर्जुन देशवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया।
वहीं, खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गदा भेंटकर सम्मानित किया।
समारोह का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
इनकी रही गरिमामई उपस्थिति
उद्घाटन समारोह के दौरान खेल विभाग, बिहार सरकार के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण, खेल निदेशालय के निदेशक विवेक रंजन मैत्रेय, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी ठाकुर, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष अपूर्व सुकांत समेत कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामई उपस्थिति रही।
बिहार की शानदार शुरुआत
इस चैंपियनशिप के ग्रुप सी में खेल रही बिहार टीम ने शानदार शुरुआत की। अपने पहले मैच में बिहार ने मणिपुर को 65-17 से पराजित किया। पहले हाफ में बिहार 37-10 से आगे थी। पूरे मैच में बिहार टीम के खिलाड़ी मणिपुर पर हावी रही। इस चैंपियनशिप में खेल रही 29 टीमों को 8 ग्रुपों में बांटा गया। तीन ग्रुप में 3-3 टीमें हैं जबकि पांच ग्रुपों में चार-चार टीमों को रखा गया। बिहार के साथ ग्रुप सी में हरियाणा की टीम भी है।
Share this content: