पटना : अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ द्वारा मुजफ्फरपुर के चंद्र विला फार्म हाउस में आयोजित बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र की समाप्ति के उपरांत 30 खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं।
आज सुबह खेले गए मुकाबले में , बोर्ड नम्बर एक पर सफेद मोहरों से खेलते हुए पूर्व राज्य चैम्पियन विपल सुभाषी ने सफेद मोहरों से राज्य महिला शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी अदीबा उल्लाह से 37 चालों में बाजी जीत ली। विपल ने सधे हुए अंदाज से खेलते हुए बाजी पर अपनी पकड़ बना ली। इस दबाव में अदीबा ने अपनी चाल चलने में समय गंवा दिया और अंक भी गंवाने पड़े।

बोर्ड नम्बर दो पर काले मोहरों से खेल रहे बेगूसराय के किशन कुमार ने 59 चालों में वैशाली के अहमद सबा करीम को बाजी छोड़ने पर मजबूर कर दिया। सिसिलियन एलपीन के इस खेल में किशन ने अपने अनुभव से धीरे धीरे बाजी पर अपना नियंत्रण बना लिया और 42वे चाल में अहमद सबा की मंत्री काट ली। हालांकि इसके बाद भी अहमद ने अगले पंद्रह चाल तक मुकाबला संभालने की कोशिश की लेकिन अंत के खेल में अंततः हार मान ली।
तीसरे बोर्ड पर लंदन सिस्टम से खेलते हुए पटना के विवेक शर्मा ने भागलपुर के आनंद शेखर को सफेद मोहरों से 55चालों में परास्त कर दिया।

इनके अलावा पीयूष, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैम्पियन विजय कुमार, भूतनाथ समेत कुल 30 खिलाड़ी दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि डेढ़ अंकों के साथ छह खिलाड़ी दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।

दूसरे दौर के शीर्ष दस मुकाबले और उनके परिणाम इस प्रकार रहे:
1. विपल सुभाषी, पटना (2) ने अदीबा उल्लाह, पटना (1) को,
2. सबा करीम अहमद, वैशाली (1) को कुमार किशन, बेगूसराय (2) ने,
3. विवेक शर्मा, पटना (2) ने शेखर आनंद, भागलपुर (1) को,
4. रित्तिक कुमार, दरभंगा (1) को पियुष कुमार, पटना (2) ने,
5. सुधीर कुमार सिन्हा, पटना (2) ने जयसवाल जाविन, पटना (1) को,
6. प्रबल सिंह, प. चंपारण (1) को भूपनाथ, दरभंगा (2) ने .
7. विजय कुमार, पटना (2) ने वीर विक्रम , मुंगेर (1) को ,
8. वैभव कुमार मिश्रा , मुजफ्फरपुर (1) को बी. रामचंद्र रूपेश, पटना (2) ने,
9. सत्यम शर्मा , पटना (1) को मोहम्मद तब्शीर आलम , पटना (2) ने .
10. कुमार शुभम, खगड़िया (2) ने रंजन कुमार पॉल, मुजफ्फरपुर (1) को हराया.
Share this content: