पटना, 26 अक्टूबर। दिव्यांग क्रिकेट को बिहार में संगठित और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) ने पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्र को बिहार ईकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरपर्सन राजेश भारद्वाज की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार डीसीसीआई के निदेशक मंडल की 25 अक्टूबर को हुई बैठक में सर्वसम्मति से बिहार के अध्यक्ष के रूप में संजीव कुमार मिश्र की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। नियुक्ति पत्र के अनुसार बिहार इकाई की बाकी कमेटी बनाने की जिम्मेवारी भी संजीव कुमार मिश्र को सौंपी गई है।

बिहार राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में संजीव कुमार मिश्र राज्य में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने और काउंसिल के राष्ट्रीय कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में राज्य एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक संरचना विकसित करना, राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन करना, खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल और प्रशिक्षण शिविर आयोजित करना शामिल है। इसके अलावा बिहार के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों का राष्ट्रीय खिलाड़ी रजिस्टर में पंजीकरण कराने और उनकी दिव्यांगता संबंधी वर्गीकरण प्रक्रिया में सहयोग देने की जिम्मेदारी भी राज्य इकाई की होगी। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के समक्ष अनुशंसित करने की व्यवस्था भी उनकी जिम्मेदारियों में शामिल है। नियुक्ति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बिहार राज्य इकाई के अध्यक्ष का पद मानद होगा। इस पद के लिए कोई वेतन, शुल्क या बैठक भत्ता देय नहीं होगा।
नियुक्ति की शर्तों के अनुसार बिहार में दिव्यांग क्रिकेट के विस्तार के लिए राज्य निशक्ता: आयुक्त, दिव्यांगजन, खेल विभाग, जिला प्रशासन, विद्यालयों और अन्य संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करना होगा। इसके साथ ही राज्य इकाई के लिए प्रायोजकों और सहयोगी संस्थाओं की पहचान करने का भी दायित्व सौंपा गया है।

डीसीसीआई के चेयरपर्सन राजेश भारद्वाज द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में संजीव कुमार मिश्र के पटना हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में लंबे अनुभव, बिहार में सार्वजनिक सेवा और राज्य में क्रिकेट प्रशासन से उनके जुड़ाव को महत्वपूर्ण मानते हुए यह जिम्मेवारी सौंपी गई है। काउंसिल ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में बिहार के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को संगठित ढंग से आगे बढ़ने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के अवसर मिलेंगे।
दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) के महासचिव डॉ. उत्तम ओझा ने संजीव कुमार मिश्र को बिहार राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में दिव्यांग क्रिकेट के विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों की पहचान करना, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराना तथा पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक क्रिकेट की मजबूत संरचना तैयार करना काउंसिल की प्राथमिकताओं में शामिल है जिसका निर्वहन संजीव कुमार मिश्र के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया जायेगा।
दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) के बिहार इकाई के अध्यक्ष बनने के बाद संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि काउंसिल द्वारा जो जिम्मेवारी दी गई है उसे अपने 36 वर्षों के लंबे सामाजिक, कानूनी एवं एक सफल खेल प्रशासक के रूप में प्राप्त अनुभव के आधार बिहार में दिव्यांग क्रिकेट का चौतरफा विकास किया जायेगा। साथ ही भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त दिव्यांगजन, सशक्त भारत के सपनों को क्रिकेट के साथ-साथ उतनी ही मजबूती से पूरा किया जायेगा।
दिव्यांग क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) के बिहार इकाई का संजीव कुमार मिश्र को अध्यक्ष बनाये जाने पर बिहार के दिव्यांगों के प्रणेता व बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ अनिल सुलभ, लिविंग विंग फाउंडेशन के निदेशक कपिल मुनि दूबे, उप निदेशक कुमार सोनू, बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल बोहरा, बिहार भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरजीत सिंह, प्रदेश भाजपा नेता बिंध्याचल पाठक, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय, अधिवक्ता विनय कुमार दत्ता, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य वैद्यनाथ रमण, भाजपा महिला नेत्री उर्मिला सिंह, भाजपा संतोष मंडल अध्यक्ष राजू सिन्हा, मंडल उपाध्यक्षा श्रीमती आरती पांडेय, राजीव कुमार सिंह,बप्पी कुमार वर्मा, पवन कुमार बब्लू, बिपिन भारती, रत्नेश आनंद एवं निरंजन कुमार ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
Share this content: