Home Bihar बॉक्सिंग में मगध की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण समेत पांच पदक पर कब्जा

बॉक्सिंग में मगध की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण समेत पांच पदक पर कब्जा

संस्कृति सिंह और नंदिनी पांडे ने नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई, जिले में खुशी की लहर

by Khelbihar

गया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित स्टेट लेवल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में मगध की महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक सहित कुल पांच पदक हासिल किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ संस्कृति सिंह और नंदिनी पांडे ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गया जिले के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।

file_00000000ad74820b85a931181bd5bfc4 बॉक्सिंग में मगध की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण समेत पांच पदक पर कब्जा

प्रतियोगिता में संस्कृति सिंह और नंदिनी पांडे ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, अरीबा हसन, साक्षी कुमारी और अदिति राज ने कांस्य पदक जीतकर मगध जोन का गौरव बढ़ाया। पांच पदकों की यह उपलब्धि महिला बॉक्सिंग में क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दर्शाती है।

टीम के साथ कोच आकाश कुमार और अतुल पुरी मौजूद रहे। कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। दो खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन इस सफलता को और भी खास बनाता है। अब संस्कृति सिंह और नंदिनी पांडे से नेशनल स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

IMG-20260501-WA0009 बॉक्सिंग में मगध की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण समेत पांच पदक पर कब्जा

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गया जिले की जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) नेहा कुमारी सहित गया जिला खेल विभाग के शारीरिक शिक्षक राहुल कुमार, आनंद शंकर तिवारी, सुप्रिया कुमारी, सत्यम वर्मा, सौरभ सुमन, सना आफरीन एवं अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

वहीं, गया जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव मोहम्मद फैजान खान, संयुक्त सचिव शाहरुख जफर और कोषाध्यक्ष कुंदन कुमार ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले और मगध का नाम रोशन करेंगी।

मगध की बेटियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर स्थानीय खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने के साथ राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं।

Share this content:

इस न्यूज़ को भी पढ़े