टीम D को हराकर टीम C बना बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी का चैंपियन।
पटना: CAB ग्राउंड में खेले गए बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में बीसीए महिला अंडर-15 टीम सी ने बीसीए महिला अंडर-15 टीम डी को 55 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीए महिला अंडर-15 टीम सी ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट पर 247 रन बनाए। टीम सी की कप्तान तेजस्वनी ने 61 गेंदों में 89 रन की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 17 चौके शामिल रहे। वहीं सौम्या वर्मा ने 71 गेंदों में 53 रन बनाए। गेंदबाजी में बीसीए महिला अंडर-15 टीम डी की साक्षी शर्मा ने 7 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट, आराध्या 2 विकेट तथा कप्तान स्वीटी, वर्षा और सुमेश चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किए।

248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए महिला अंडर-15 टीम डी ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम डी की ओर से सुमेश चौधरी ने 54 गेंदों में 64 रन, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। निशु निशांत ने नाबाद 20 रन और नयना गुप्ता ने 15 रन का योगदान दिया।
टीम सी की ओर से गेंदबाजी करते हुए आरिका श्री ने 6 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट, सिद्धि कुमारी ने 5 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट और तेजस्वनी, सोनम और रीमा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन जी ने विजेता टीम सी को फाइनल जीतने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीसीए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जिआउल अरफीन जी ने भी विजेता और उपविजेता टीम सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में बिहार महिला क्रिकेट को इससे मजबूती मिलेगी।
बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला युवा खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का उदाहरण रहा, जिसमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता दिखाई।
Share this content:



Post Comment