पटना : बिहार महिला क्रिकेट टीम ने सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट 2026–27 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम, सोविमा में खेले गए फाइनल मुकाबले में बिहार ने मिजोरम महिला टीम को 10 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए। श्रुति और यशिता ने 20-20 रन तथा वैदही 13, अपूर्वा 12, हर्षिता 15 और आर्या ने 13 रन बनाया।
इसके जवाब में मिजोरम की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 106 रन ही बना सकी। इस तरह बिहार ने रोमांचक मुकाबले में 10 रनों से जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।बिहार की गेन्दबाजी में आर्या और तेजस्वी ने 2-2 विकेट तथा अपूर्वा, वैदही और प्रीति ने 1-1 विकेट चटकाया।

पूरे टूर्नामेंट में बिहार की महिला खिलाड़ियों ने शानदार टीम भावना, अनुशासन, संघर्ष और खेल कौशल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने दबाव की परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखते हुए सामूहिक प्रदर्शन के दम पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशासक एवं पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति माननीय श्री अश्विनी कुमार सिंह, BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन एवं सचिव जिआउल आरफीन ने बिहार महिला क्रिकेट टीम की सभी खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक, सहयोगी स्टाफ एवं पूरी टीम प्रबंधन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने अपने संयुक्त संदेश में कहा कि बिहार महिला टीम की यह उपलब्धि राज्य में महिला क्रिकेट के निरंतर विकास और खिलाड़ियों की मेहनत, लगन एवं समर्पण का सुखद परिणाम है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जिस एकजुटता, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट का चैंपियन बनना पूरे बिहार के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने और राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्हें विश्वास है कि बिहार की महिला खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन एक बार फिर पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता है।
प्लेयर ऑफ़ द मैच : आर्या सेठ, 13 रन बनाया और 2 विकेट चटकाया।
Umpires: Vikas Bhatt, Simrat Bawa
Match Referee : Samudrala Vanitha Viola
Share this content: