Loading Now
×

नन्हक महतो मेमोरियल अंडर-15 अंतर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में ट्रैम्फैंट सीसी रेड और बिहार सीए विजयी।

पटना। सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में स्थानीय कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड, खेमनीचक पर आयोजित समाजसेवी नन्हक महतो मेमोरियल अंडर-15 अंतर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें संस्करण में सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में ट्रैम्फैंट सीसी रेड ने एससीए एकादश को छह विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में बिहार क्रिकेट एकेडमी ने एके क्रिकेट एकेडमी पर चार विकेट से जीत दर्ज की।

प्रियांशु की घातक गेंदबाजी से ट्रैम्फैंट की आसान जीत

पहले मुकाबले में एससीए एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन ट्रैम्फैंट सीसी रेड के गेंदबाज प्रियांशु जेएस के सामने पूरी टीम संघर्ष करती नजर आई। प्रियांशु की धारदार गेंदबाजी के आगे एससीए की पारी 15.2 ओवर में महज 58 रन पर सिमट गई। कृष ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि टीम का कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। प्रियांशु जेएस ने पांच ओवर में केवल 16 रन देकर पांच विकेट झटके। मयंक ने भी दो विकेट हासिल कर उनका अच्छा साथ निभाया।

IMG-20260501-WA0009 नन्हक महतो मेमोरियल अंडर-15 अंतर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में ट्रैम्फैंट सीसी रेड और बिहार सीए विजयी।

59 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी रेड ने 11.2 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अमित कुमार ने 22 और स्पर्श ने 14 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि प्रतीक सिन्हा 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रियांशु जेएस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर

एससीए एकादश: 15.2 ओवर में 58 रन पर आलआउट, कृष 29, प्रियांशु जेएस 5/16, मयंक 2/4, प्रतीक सिन्हा 1/28, प्रिंस यादव 1/10.

ट्रैम्फैंट सीसी रेड: 11.2 ओवर में 4 विकेट पर 62 रन, अमित कुमार 22, स्पर्श 14, प्रतीक सिन्हा नाबाद 10, अतिरिक्त 6, करन 1/8, पीयूष आनंद 1/9, इशु साहिल 2/11.

आर्यन अरविंद राज के अर्धशतक से बिहार क्रिकेट एकेडमी विजयी

दिन के दूसरे मुकाबले में एके क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 19 ओवर में छह विकेट पर 143 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य रिषुराज ने 28, आर्यन राज ने 17, मो. कैफ जावेद ने 25 और प्रिंस दूबे ने नाबाद 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। शुभम शर्मा ने भी नाबाद 14 रन जोड़े।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत संतुलित रही। टीम को जीत दिलाने में आर्यन अरविंद राज की शानदार अर्धशतकीय पारी निर्णायक साबित हुई। उन्होंने 37 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। अंत में वतन प्रकाश पांडे और अमन सिंह की संयमित बल्लेबाजी से बिहार क्रिकेट एकेडमी ने 17.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए आर्यन अरविंद राज को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

1776133001946 नन्हक महतो मेमोरियल अंडर-15 अंतर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में ट्रैम्फैंट सीसी रेड और बिहार सीए विजयी।

संक्षिप्त स्कोर

एके क्रिकेट एकेडमी: 19 ओवर में 6 विकेट पर 143 रन, आदित्य रिषुराज 28, आर्यन राज 17, प्रिंस दूबे नाबाद 39, मो. कैफ जावेद 25, शुभम शर्मा नाबाद 14, अतिरिक्त 19, वतन प्रकाश पांडे 1/16, प्रिंस 1/41, राजकुमार यादव 1/14, अमन सिंह 2/33.

बिहार क्रिकेट एकेडमी: 17.4 ओवर में 6 विकेट पर 145 रन, धर्मवीर 12, आर्यन अरविंद राज 53, अमन सिंह नाबाद 15, ​नीतीश कुमार 15, वतन प्रकाश पांडे नाबाद 17, अतिरिक्त 23, प्रिंस दूबे 1/27, इशान 1/21, अंकित कुमार पारस 1/30, आदित्य रिषुराज 1/25, आर्यन राज 2/28.

Share this content:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment

🔒 Security Check
6 × 2 = ?