Home Bihar वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित।

वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित।

पहली बार वैभव संभालेंगे बिहार की कमान*

by Khelbihar

पटना : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप उपकप्तान होंगे। वैभव सूर्यवंशी पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करते हुए मैदान पर नजर आएंगे। उनके नेतृत्व में बिहार की टीम आगामी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

file_00000000b9bc820897c6c7347ed9afe7 वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति की बैठक 6 नवंबर 2026 को आयोजित हुई, जिसमें खिलाड़ियों के ट्रायल और उनके पिछले प्रदर्शन का आकलन करने के बाद टीम का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में चयन समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय उपस्थित रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सारथ ने टेलीफोनिक माध्यम से बैठक में भाग लिया। 4 से 6 नवंबर तक आयोजित ट्रायल और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम को अंतिम रूप दिया गया।

बिहार की 17 सदस्यीय टीम में कप्तान वैभव सूर्यवंशी के अलावा आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को शामिल किया गया है।

इसके अतिरिक्त मंगल महौर और शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। चयन समिति के निर्णय के अनुसार, पहले दो मुकाबलों के बाद उनकी फिटनेस का आकलन कर टीम में उनकी उपलब्धता पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

IMG-20260501-WA0009 वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित।

टीम के साथ स्टैंडबाय खिलाड़ियों के रूप में बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव को रखा गया है।

वैभव सूर्यवंशी के लिए यह कप्तानी की जिम्मेदारी उनके क्रिकेट करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद भारतीय टीम में जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते हुए रिकॉर्ड साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने महज छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 118 रन जोड़कर पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक पावरप्ले स्कोर का विश्व रिकॉर्ड बनाया। दोनों के बीच 43 गेंदों में 133 रनों की शुरुआती साझेदारी हुई। इस मुकाबले में वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

file_00000000ad74820b85a931181bd5bfc4 वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित।

अब बिहार की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद वैभव के सामने अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ-साथ राज्य की टीम को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की चुनौती होगी। उनकी कप्तानी में बिहार की टीम से बेहतर प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की उम्मीद रहेगी।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबले 14 नवंबर 2026 से इंदौर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के दौरान बिहार रणजी ट्रॉफी टीम के साथ जुड़े सपोर्ट स्टाफ को ही पूरी प्रतियोगिता के लिए टीम के साथ रखा जाएगा। इसके अलावा बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के चयन समिति अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय इंदौर में रहकर टीम के मुकाबलों का अवलोकन करेंगे।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को उम्मीद है कि वैभव सूर्यवंशी के नेतृत्व में बिहार की टीम आगामी सत्र में अनुशासित, प्रतिस्पर्धी और प्रभावी प्रदर्शन करते हुए राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

Share this content:

इस न्यूज़ को भी पढ़े