पटना, 6 नवंबर 2026। आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी)-टी20 टूर्नामेंट के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) द्वारा आयोजित फाइनल चयन ट्रायल शुक्रवार को पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में संपन्न हुआ। बिहार की सीनियर चयन समिति द्वारा फाइनल ट्रायल के लिए आमंत्रित सभी लगभग 43 खिलाड़ी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित रहे।

इस फाइनल ट्रायल में बिहार के युवा प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी हिस्सा लिया। उनके अलावा आईपीएल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके तेज गेंदबाज साकिब हुसैन, मोहम्मद इजहार, बिपिन सौरभ, आकाश राज, सूरज कश्यप सहित बिहार के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

उल्लेखनीय है कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी एसएमएटी-टी20 टूर्नामेंट की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए 4 से 7 नवंबर तक सीनियर खिलाड़ियों के चयन ट्रायल की प्रक्रिया आयोजित की थी। इसके तहत 4 से 5 नवंबर तक आयोजित प्रारंभिक ट्रायल और प्रदर्शन के आकलन के बाद सीनियर चयन समिति ने 43 खिलाड़ियों को फाइनल ट्रायल के लिए आमंत्रित किया था। इन खिलाड़ियों को 6 नवंबर को सुबह 9:30 बजे मोइन-उल-हक स्टेडियम में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था।

फाइनल ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण कौशल, फिटनेस और टी20 प्रारूप के अनुरूप खेल क्षमता का आकलन किया गया। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी टूर्नामेंट के लिए बिहार की टीम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना और घरेलू क्रिकेट के आगामी सत्र में बिहार की टीम को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना है।
Share this content: