कटिहार। बिहार क्रिकेट संघ (BCA) द्वारा आयोजित राज्य की प्रतिष्ठित हेमन ट्रॉफी में लगातार दो सत्रों तक शानदार प्रदर्शन करने वाली कटिहार जिला क्रिकेट संघ (KDCA) की टीम के खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर कटिहार जिला क्रिकेट संघ से जुड़े रितेश कुमार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अंडर-19 एवं अंडर-23 आयु वर्ग की टीमों में भी कटिहार के खिलाड़ियों को समुचित अवसर नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त की है।

रितेश कुमार ने कहा कि कटिहार की टीम ने सत्र 2024-25 में हेमन ट्रॉफी में उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया था, जबकि सत्र 2025-26 में चैंपियन बनकर पूरे जिले का नाम रोशन किया। लगातार दो वर्षों तक राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतरता का परिचय दिया है। इसके बावजूद पूरे जिले से मात्र एक खिलाड़ी का रणजी ट्रॉफी टीम में चयन होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बीसीसीआई से आए चयनकर्ताओं तथा चयन प्रक्रिया में सहयोग कर रहे बिहार क्रिकेट संघ के संबंधित पदाधिकारियों एवं चयनकर्ताओं से निम्नलिखित प्रश्नों का उत्तर देने की मांग की है—
1. जब कटिहार की टीम लगातार दो सत्रों तक राज्य की शीर्ष टीमों में रही, तो उसके खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी टीम में पर्याप्त प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिला?
2. क्या चयन प्रक्रिया में हेमन ट्रॉफी के प्रदर्शन को उचित महत्व दिया गया?
3. कटिहार के उन खिलाड़ियों का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया, जिन्होंने पूरे सत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया?
4. यदि राज्य की चैंपियन टीम के खिलाड़ियों को भी पर्याप्त अवसर नहीं मिलेगा, तो खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए कैसे प्रेरित किया जाएगा?
5. क्या चयन समिति खिलाड़ियों के चयन एवं गैर-चयन के मानदंड सार्वजनिक करेगी?
6. अंडर-19 एवं अंडर-23 आयु वर्ग की टीमों में कटिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपेक्षित अवसर क्यों नहीं मिला?
रितेश कुमार ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी खिलाड़ी, चयनकर्ता या पदाधिकारी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं है, बल्कि बिहार क्रिकेट में पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रदर्शन आधारित चयन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में रचनात्मक प्रश्न उठाना है। उन्होंने कहा कि कटिहार सहित सभी जिलों के खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने बिहार क्रिकेट संघ के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासक महोदय से आग्रह किया कि रणजी ट्रॉफी सहित सभी राज्य स्तरीय एवं आयु वर्ग की टीमों की चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए, चयन के स्पष्ट मानदंड सार्वजनिक किए जाएं तथा प्रदर्शन के आधार पर योग्य खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित किया जाए।
रितेश कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार क्रिकेट संघ के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासक महोदय इस विषय को गंभीरता से लेते हुए खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों की चिंताओं पर उचित ध्यान देंगे तथा चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।
Share this content: