पटना, 26 नवंबर। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का अवसर देने के उद्देश्य से 26वीं सरदार पटेल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी चार दिसंबर किया जायेगा। यह जानकारी आयोजक संस्था सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से खेमनीचक मैदान में होगा। टूर्नामेंट नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा जिसमें प्रतिदिन दो मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में पटना के स्कूल, क्लब एवं क्रिकेट अकादमी की टीमें हिस्सा ले सकेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक टीमों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण करा सकते हैं। टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा ताकि खिलाड़ियों की आयु का सत्यापन किया जा सके और प्रतियोगिता अंडर-13 आयु वर्ग के निर्धारित नियमों के अनुरूप आयोजित हो सके।

सभी मुकाबले 21-21 ओवर के होंगे। नॉकआउट प्रारूप होने के कारण प्रत्येक मैच टीमों के लिए आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। संस्था का उद्देश्य स्कूली स्तर पर क्रिकेट को प्रोत्साहित करना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देना और खेल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।
विजेता और उपविजेता टीमों को मिलेगी ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे। व्यक्तिगत पुरस्कारों के माध्यम से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवा क्रिकेटरों का उत्साह और मनोबल बढ़ेगा। टूर्नामेंट में भाग लेने के इच्छुक पटना के स्कूल, क्लब एवं क्रिकेट अकादमी की टीमें प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी और पंजीकरण के लिए फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी से मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क कर सकती हैं।
Share this content: