बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप, देखें आज का परिणाम।
- बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप ।
- प्रेम, प्रणीत, अनुभव एवं आर्यन को बढ़त
- बालिका वर्ग में अर्पिता शीर्ष पर
पटना : अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के तीसरे चक्र की समाप्ति के बाद ओपन वर्ग में प्रेम, प्रणीत, अनुभव एवं आर्यन तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं।
सीतामढ़ी के पुनौरा धाम स्थित बालाजी बैंक्वेट में चल रहे इस पांच दिवसीय रेटिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन कांटे के मुकाबले देखने को मिले। तीसरे चक्र की बाजी में शीर्ष बोर्ड पर सफेद मोहरों से खेल रहे शीर्ष वरीयता प्राप्त दरभंग के जयेश मिश्रा को छपरा के अम्बर श्रीवास्तव ने ड्रॉ पर रोक आधे अंक बांट लिए।
दो नम्बर बोर्ड पर छपरा के प्रेम कुमार ने पटना के ईशान सात्वत को काले मोहरों से कैरो कैन सुरक्षा पद्धति से खेलते हुए 31 चालों में मात कर दिया। तीन नम्बर बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा ने अपने ही जिले के तेजस शांडिल्य को रुक पॉन एंडिंग में पराजित किया। अंत के खेल में बी खाने के प्यादे को रोकने में नाकाम रहे तेजस ने 48वें चाल के बाद हार मान ली। चार नम्बर बोर्ड पर मधुबनी के अनुभव मिश्रा ने काले मोहरों से बेगूसराय के स्नेहिल राज को 44 चालों में परास्त कर दिया।

हालांकि इसकी शुरुआत इक्कीसवे चाल में ही हो गई थी जब एक प्यादे को मारने के कारण उन्हें अपना हाथी गंवाना पड़ा । पांचवे बोर्ड पर खगड़िया के आर्यन ने क्वीन पॉन ओपनिंग में मुजफ्फरपुर के मानस को 31 चाल में हार मानने पर विवश कर दिया। 27वे चाल में आर्यन के बढ़ते प्यादे को रोकने की कोशिश में मानस ने अपना मंत्री कुर्बान कर दिया लेकिन फिर भी बाजी संभाल नहीं पाए और हार मान ली। इस तरह तीन अंकों के साथ ओपन वर्ग में चार खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि ढाई अंकों के साथ चार खिलाड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
वहीं बालिकाओं के वर्ग में भोजपुर की अर्पिता सिंह ने पटना की आराध्या प्रकाश को काले मोहरों से पराजित कर अकेले शीर्ष पर आ गई है। दूसरे बोर्ड पर दो अंकों के साथ खेल रही मुजफ्फरपुर की दिशा कुमारी एवं पटना की शालिनी श्रीवास्तव के बीच ड्रॉ रही बाजी के कारण अर्पिता अब अकेले तीन अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। तीसरे और चौथे बोर्ड पर अपनी अपनी बाजी जीत क्रमशः मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका एवं बेगूसराय की इशिका ढाई अंकों के साथ दिशा एवं शालिनी समेत संयुक्त रूप से दुसरे स्थान पर चल रही हैं।
Share this content:



Post Comment