दिवाकर और वैष्णवी बांग्लादेश रवाना, दक्षिण एशियन आत्या-पात्या चैंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
पटना। 02 जून से 04 जून तक बांग्लादेश के इस्बारी में आयोजित होने वाली 10वीं दक्षिण एशियन आत्या-पात्या चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बिहार के खिलाड़ी दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी भारतीय दल के साथ रवाना हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में होने से बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर है। यह दूसरी बार है जब बिहार से किसी खिलाड़ी को आत्या-पात्या में भारतीय दल का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
संघ के मुख्य कोच *तरुण कुमार आजाद* ने बताया कि पुडुचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के सफल समापन के बाद भारतीय टीम बांग्लादेश के लिए रवाना हुई है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
रवाना होने से पहले दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी ने कहा, “यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि हमें भारतीय टीम का हिस्सा बनने का अवसर मिला। राष्ट्रीय शिविर में भारत के हर कोने से आए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण लेने का अनुभव बेहद प्रेरणादायक रहा। हम आत्या-पात्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के सभी पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का हृदय से धन्यवाद देते हैं, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से हमें यह अवसर प्राप्त हुआ है।”

दोनों खिलाड़ियों ने विश्वास जताया कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे। वहीं बिहार के खेल प्रेमियों और आत्या-पात्या परिवार ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की है।

Share this content:



Post Comment