बीसीए श्यामल सिन्हा अंडर-16 वनडे ट्रॉफी: कटिहार ने पूर्णिया को 46 रनों से पराजित किया
पटना : 18 अप्रैल 2026 बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए श्यामल सिन्हा अंडर-16 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबले में कटिहार ने पूर्णिया को 46 रनों से पराजित किया। यह मुकाबला पटना स्थित स्पोर्ट्स पार्क 22 यार्ड्स क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कटिहार की टीम ने 44 ओवर में सभी विकेट खोकर 183 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मोहम्मद इरफान ने 79 गेंदों पर 55 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। अमरजीत कुमार ने 31 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अली 25 रनों की पारी खेली।

पूर्णिया की ओर से अमन मनीष राज ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 29 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। इसके अलावा दरेन रजा और मोहम्मद अमानत अली ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्णिया की टीम 37.4 ओवर में 137 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए मोहम्मद अमानत अली और मोहम्मद नजीर आलम ने 25-25 रनों का योगदान दिया, जबकि अंकुर कुमार झा ने 19 रन बनाए।
कटिहार की ओर से कप्तान मोहम्मद इरफान ने गेंद से भी प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट लिए। सूरज शर्मा ने 3 विकेट और आर्यन कुमार व राज उपाध्याय ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इस जीत के साथ कटिहार जिला क्रिकेट संघ ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति को मजबूत किया। मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में कटिहार का प्रदर्शन संतुलित और उपयोगी रहा, जिससे टीम को जीत हासिल करने में सहायता मिली।
Share News:



Post Comment