बीसीए मेंस टी-20 ट्रॉफी : भोजपुर ने औरंगाबाद को 48 रनों से हराया।
पटना : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए मेंस टी-20 ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबले में भोजपुर की 48 रनों से प्रभावी जीत, हृदय नंद सिंह और सनी सिंह का दमदार प्रदर्शन।
दूसरे मुकाबले में भोजपुर ने औरंगाबाद को 48 रनों से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेले गए इस दूसरे मुकाबले में भोजपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 193 रन बनाए, जिसके जवाब में औरंगाबाद की टीम 17.5 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भोजपुर की पारी में हृदय नंद सिंह ने 26 गेंदों पर 57 रन की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। अंकित राज ने 39 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान प्रकाश कुमार सिंह ने 28 रन बनाए। रोहित सिंह ने 21 रन और परमजीत सिंह ने 20 रन जोड़े।औरंगाबाद की ओर से गेंदबाजी में विवेक कुमार सिंह, नंदन कुमार और प्रभात सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए औरंगाबाद की ओर से कप्तान हर्ष पुरु ने 18 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि आयुष राज ने 32 रन और विवेक कुमार सिंह ने 24 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 145 रन पर सिमट गई। भोजपुर की ओर से गेंदबाजी में सनी सिंह ने 4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया। परमजीत सिंह, विवेक यथार्थ ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम सुजीत सिंह को 1 विकेट मिला।
इस प्रकार भोजपुर ने संतुलित बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर 48 रनों से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत की।
Share News:



Post Comment