Loading Now
×

सहरसा की प्रेरणा कुमारी बनी बिहार राज्य महिला शतरंज की चैंपियन।

Khelbihar.com

पटना।। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में चल रही बिहार राज्य महिला शतरंज प्रतियोगिता सम्पन्न हो गई। तीन दिनों तक पांच चक्रों में खेली गई इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन आज सहरसा की प्रेरणा कुमारी ने राज्य महिला शतरंज का खिताब जीत लिया।प्रेरणा के नाम पहली बार राज्य शतरंज प्रतियोगिता का कोई खिताब जुड़ा है।

अंतिम चक्र में काले मोहरों से खेल रही प्रेरणा के सामने राज्य महिला शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी नेहा सिंह थी।
मध्य के खेल में बाजी को उलझता देख दोनो खिलाड़ियों ने अंक बांट लिये और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये बिहार टीम में अपना स्थान सुरक्षित करा लिया।गत वर्ष की चैम्पियन और वर्तमान राज्य सब जूनियर चैंपियन मरियम फातिमा ने सफेद मोहरों से गरिमा गौरव के विरुद्ध आक्रामक खेल दिखाते हुए बाजी जीत ली। लेकिन कमजोर बुखोल्ज़ अंको के कारण उन्हें पांचवे स्थान से सन्तोष करना पड़ा।


तीसरे बोर्ड पर सहरसा की प्रीति सफेद मोहरों से पटना की सृष्टि के खिलाफ मजबूत स्थिति में थी लेकिन एक भूल की कीमत प्रीति को सीधे मात खाकर चुकानी पड़ी।इस जीत के साथ सृष्टि टीम में चौथे स्थान पर अपनी जगह बनाने में सफल रही।चौथे बोर्ड पर पटना की उभरती शतरंज सनसनी अदीबा उल्ला ने लम्बी बाजी खेलते हुए पटना की अमीषा अरुंजय कुमार को पराजित कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। राज्य की पूर्व महिला चैम्पियन मिन्की सिन्हा को पांचवे बोर्ड पर पम्मी रानी से हार का सामना करना पड़ा।

प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण सामारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आई राज्य की ख्याति प्राप्त महिला चिकित्सक डॉ शांति राय और अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव विपल सुभाषी, मनीष कुमार , बक्सर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष क्रमशः सलिल कुमार एवं मुकेश कुमार,रविन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।


अखिल बिहार शतरंज संघ के उपाध्यक्ष जयप्रकाश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया जबकि मुख्य निर्णायक नन्दकिशोर ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट पढ़ी।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रिमझिम वर्मा ने किया।
प्रथम दस स्थानों पर आने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है::-
1) प्रेरणा कुमारी,सहरसा,4
2) अदीबा उल्ला,पटना,4
3) नेहा सिंह,वैशाली,4
4) कुमारी सृष्टि,पटना,4
5) मरियम फातिमा ,मुज़फ़्फ़रपुर,4
6) गरिमा गौरव ,पूर्णिया,3.5
7) पम्मी रानी , पटना,3.5
8)अंकिता कुमारी, भागलपुर,3.5
9)अमीषा अरुंजय कुमार,3
10)समृद्धि कोलेकर, पटना,3

Share News:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment