Loading Now
×

पदक जीत कर लौटे बिहार के खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

  • – जर्मनी में आयोजित स्पेशल ओलिम्पिक वर्ल्ड समर गेम्स में पदक जीत कर लौटे बिहार के खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
  • – बिहार के गजेन्द्र कुमार एथलेटिक्स ,सिंटू कुमार हैन्ड्बॉल और कोच संदीप कुमार कर रहे थे देश का प्रतिनिधित्व
  • – गजेन्द्र कुमार ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक और शॉट पुट में कांस्य पदक जीत बिहार को किया गौरवान्वित

पटना, 28 जून 2023 :- पटना एयरपोर्ट पर आज जर्मनी में हुए स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड समर गेम्स में पदक जीत कर लौटे बिहार के खिलाड़ियों गजेन्द्र कुमार ,सिंटू कुमार और कोच संदीप कुमार का बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा फूल माला पहना कर तथा गुलदश्ता भेंट कर स्वागत किया गया. ।

गौरतलब है कि बर्लिन,जर्मनी में 7 जून से 25 जून 2023 तक आयोजित स्पेशल ओलिम्पिक वर्ल्ड समर गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए बिहार के दो प्रतिभावान खिलाड़ी गजेन्द्र कुमार,एथेलेटिक्स और सिन्टू कुमार, हैन्ड्बॉल प्रतिस्पर्धा तथा ऐथेलेटिक टीम कोच के रूप में संदीप कुमार चुने गए थे । इस स्पेशल ओलंपिक में 190 देशों के 7000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे जिसमें भारत के 200 खिलाड़ी और 60 कोच भी शामिल थे । गजेन्द्र कुमार ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा शॉट पुट में कांस्य पदक जीत कर बिहार का नाम रोशन किया है ।

आज एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के खेल पदाधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और खिलाड़ी भी उपस्थित रहे ।
हाल ही में 2 जून को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा एक विदाई समारोह आयोजित कर प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण तथा निदेशक सह सचिव श्री पंकज राज सहित अन्य अधिकारियों द्वारा सम्मान के साथ इन खिलाड़ियों को बर्लिन के लिए रवाना किया गया था ।

विदाई समारोह में ही श्री शंकरण ने कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले बिहार के खिलाड़ियों को सम्मान और शुभकामनाओं के साथ हम विदा करते हैं और पदक जीत कर आने पर उनका स्वागत और अभिनंदन भी करते हैं , इससे दूसरे खिलाड़ियों का भी मनोबल काफी बढ़ जाता है ।

स्पेशल ओलंपिक में पदक जीत कर बिहार को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों के पटना लौटने पर प्रसन्नता जाहिर कर उनका स्वागत करते हुए बिहार के कला,संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री जितेंद्र कुमार राय तथा अपर मुख्य सचिव श्रीमती हरजोत कौर बम्हरा , बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण और निदेशक सह सचिव श्री पंकज राज ने उन्हें ढेरों बधाई सहित उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं .

Share News:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment