जमुई को हराकर बेगूसराय बीसीए रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में
नालंदा : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने जमुई के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 217 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। यह मुकाबला एसएससीसी ग्राउंड, पावापुरी मोड़ (नालंदा) में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेगूसराय की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 330 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान युवराज यादव ने 88 गेंदों पर 138 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा पुष्पम राज ने 77 रनों का योगदान दिया, जबकि हर्ष शर्मा ने 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।जमुई की ओर से गेंदबाजी में हिमांशु कुमार ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि सोनू कुमार और मोहम्मद अजमल फरहत को 1-1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम बेगूसराय की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 20.2 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से निशु यादव ने 33 रन बनाए, जबकि मोहित शर्मा ने 23 रनों का योगदान दिया।बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में हर्ष वर्मा ने 3 विकेट हासिल कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा आयुष कुमार और हर्ष कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत को आसान बनाया।
इस जीत के साथ बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है और आगामी मुकाबलों के लिए अपनी स्थिति मजबूत की है।
Share News:




Post Comment