बिहार रूरल लीग का भव्य आगाज, पटना मास्टर्स और पटना चैम्प्स की शानदार जीत
पटना : राजधानी के नौबतपुर स्थित पंकज खेल परिसर में आज बिहार रूरल लीग का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में गवर्निंग काउंसिल, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम, मसौढ़ी प्रमुख सद्दाम हुसैन तथा जेडीयू के वरीय नेता जयप्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वर गौतम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

पहला मुकाबला: पटना मास्टर्स बनाम पटना हीरोज
टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में पटना मास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। टीम की ओर से प्रत्याक्ष ने 26 रन और हार्दिक ने 23 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना हीरोज की टीम दबाव में नजर आई और 67 रन पर सिमट गई। इस तरह पटना मास्टर्स ने 25 रनों से जीत दर्ज की। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए सैफ रहमत अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला: पटना चैम्प्स बनाम पटना नवाब
दिन के दूसरे मुकाबले में पटना चैम्प्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज सन्नी कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 75 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए, जबकि मिशु ने 23 रन का योगदान दिया।
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना नवाब की टीम 20 ओवर में 139/8 ही बना सकी। टीम की ओर से राज आर्यन ने 54 रन और पवन ने 25 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।
पटना चैम्प्स ने यह मुकाबला 40 रनों से अपने नाम किया। सन्नी कुमार को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।टूर्नामेंट के पहले दिन ही रोमांचक मुकाबलों, बेहतरीन प्रदर्शन और उत्साहपूर्ण माहौल ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आने वाले मैचों में और भी कड़े मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।
Share News:



Post Comment