धनबाद की टीम जेएससीए अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में
धनबाद : धनबाद की टीम जेएससीए अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। पाकुड़ में खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में सोमवार को धनबाद ने अपने अंतिम लीग मैच में रांची को छह रनों से पराजित किया।
ग्रुप में अपने तीनों मैच जीत धनबाद टॉप पर रही। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला बोकारो से होगा। यह मैच बोकारो में 22 अप्रैल को खेला जाएगा।पाकुड़ के रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में टास जीतकर रांची ने धनबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
कुमारी खुशी के नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से धनबाद ने निर्धारित बीस ओवरों में पांच विकेट पर 119 रन बनाए। खुशी 61 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके अलावा बबली कुमारी ने 22 और अंकिता मौर्या ने दस रन बनाए। रांची की आकांक्षा टोप्पो, रागिनी कुमारी और निधि कुमारी को एक-एक विकेट मिला।

बाद में रांची की टीम सात विकेट पर 113 रन ही बना सकी। प्रियांश्री कुमारी ने 47, अन्नू कुमारी ने 19 और सृष्टि इंदवार ने 20 रन बनाए। धनबाद की माही कुमारी ने 23 पर दो विकेट लिए। इसके अलावा कुमारी खुशी, खुशी कुमारी, बबली कुमारी ने एक-एक विकेट लिए। प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार कुमारी खुशी को मिला। इस अवसर पर मैच रेफरी बाल शंकर झा, अंपायर अनुज कुमार महतो व वकील अहमद, स्कोरर ज्ञान रंजन उपस्थित थे।
Share News:



Post Comment