पटना। स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि अकादमी की प्रतिभाशाली निशानेबाज़ श्रेया भारद्वाज ने 25 से 30 अगस्त 2026 तक आसनसोल राइफल क्लब, आसनसोल (पश्चिम बंगाल) में आयोजित 10वीं ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10M YOUTH WOMEN INDIVIDUAL (AIR PISTOL (NR)) तथा 10M SUB YOUTH WOMEN INDIVIDUAL (AIR PISTOL (NR)) में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
देशभर से आए प्रतिभाशाली निशानेबाज़ों के बीच श्रेया ने अपनी सटीक निशानेबाज़ी, उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, अद्भुत एकाग्रता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी यह उपलब्धि वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासित अभ्यास और उत्कृष्ट मानसिक तैयारी का परिणाम है।

श्रेया की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता ने न केवल स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट, बल्कि मुज़फ्फरपुर और पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि बिहार के उभरते निशानेबाज़ों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि समर्पण एवं सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस ऐतिहासिक सफलता का महत्वपूर्ण श्रेय अकादमी के मुख्य कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला को भी जाता है। उनके कुशल मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण, समर्पण और निरंतर प्रेरणा ने श्रेया सहित अकादमी के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया है। उनके नेतृत्व में अकादमी के खिलाड़ी लगातार विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर रहे हैं।
इस अवसर पर स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार, अभिषेक झा एवं अनिरुद्ध सिंह ने श्रेया भारद्वाज को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रेया भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत और बिहार का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करेंगी।
— प्रेस विज्ञप्ति
Share this content: