ईआरसीसी पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के फाइनल में
- आरबीएनवाईएसी को 32 रन से हराया, रोहित राज के 6 विकेट, रौनित का शतक बेकार
पटना, 11 अप्रैल। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ईआरसीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरबीएनवाईएसी को 32 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ईआरसीसी ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए 35 ओवर में 6 विकेट पर 251 रन बनाये। जवाब में आरबीएनवाईएसी की टीम 32.2 ओवर में 219 रन पर ऑल आउट हो गई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईआरसीसी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। टीम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए 35 ओवर में 6 विकेट 251 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। आशीष कुमार ने 79 रनों की शानदार पारी खेली और पारी को संभाले रखा। उनके अलावा आदित्य ने 39 रन बनाए, जबकि कुमार आदित्य ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 41 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा केशव कुमार 25, यश प्रताप यादव ने 20 और रोहित कुमार ने 32 रन का योगदान किया।
आरबीएनवाईएसी की ओर से रुपेश कुमार और शहनबाज अनवर ने 2-2 जबकि मनमोहन और सिद्धांत विजय ने 1-1 विकेट चटकाये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरबीएनवाईएसी की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती झटकों से टीम दबाव में आ गई। हालांकि इसके बाद रौनित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 गेंदों में 107 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। हर्ष राज ने भी 54 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। नंद किशोर ने 14,उत्कर्ष कुमार 23 रन बनाये।
रौनित और हर्ष राज ने मिलकर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की और एक समय मैच पूरी तरह रोमांचक हो गया था। लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी, आरबीएनवाईएसी की टीम बिखर गई और लगातार विकेट गिरते चले गए।
ईआरसीसी की जीत के सबसे बड़े नायक रहे रोहित राज, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उनके स्पेल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और आरबीएनवाईएसी की जीत की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
संक्षिप्त स्कोर
ईआरसीसी : 35 ओवर में 6 विकेट पर 251 रन, आशीष कुमार 79, आदित्य 39, कुमार आदित्य नाबाद 41, केशव कुमार 25, यश प्रताप यादव 20, अतिरिक्त 11, एमडी शाहबाज अनवर 2/44, रूपेश कुमार 2/42, मनमोहन 1/41, सिद्धांत विजय 1/38,
आरबीएनवाईएसी : 32.2 ओवर में 219 रन पर ऑल आउट, रौनित 107, हर्ष राज 54, नंद किशोर 14, उत्कर्ष कुमार 23, रोहित राज 6/40, ऋषभ राज 2/31, अभिषेक सिंह 1/33, केशव कुमार 1/29
Share News:




Post Comment