पटना/बरौदा। बरौदा क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित ऑल इंडिया अंडर-16 जे.वाई. लेले मेमोरियल आमंत्रण दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के आखिरी लीग मुकाबले में छत्तीसगढ़ अंडर-16 टीम ने विदर्भ अंडर-16 टीम को पहली पारी की बढ़त के आधार पर पराजित करते हुए 2 अंक अर्जित किए और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
छत्तीसगढ़ अंडर-16 टीम की इस शानदार सफलता में टीम के मुख्य कोच प्रमोद कुमार के कुशल मार्गदर्शन, रणनीति और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कराने की भूमिका महत्वपूर्ण रही।मुकाबले में विदर्भ अंडर-16 के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विदर्भ की पूरी टीम को 74.4 ओवर में 186 रन पर ऑलआउट कर दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से ऋषिक ए ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर 16 रन खर्च किए।
जवाब में छत्तीसगढ़ अंडर-16 ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। अभिनव गर्ग ने 283 गेंदों पर नाबाद 110 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि टीम के कप्तान अनमोल राज सिंह ने 114 गेंदों पर 81 रन बनाकर टीम की स्थिति मजबूत की। छत्तीसगढ़ ने 89 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए और पहली पारी में 41 रन की बढ़त हासिल करते हुए 2 अंक अपने नाम किए।

इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ अंडर-16 टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं सचिव ने पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी तथा सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share this content: