पटना, 15 अक्टूबर। समाज को नशा मुक्ति का संदेश देने तथा युवाओं को खेल के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से आगामी नवंबर माह में पटना के ऊर्जा स्टेडियम में जेन एक्स इंफ्रा होम्स नशा मुक्ति टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को आम्रपाली बैंक्वेट हॉल, ऑर ब्लॉक, पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी गई।

टूर्नामेंट के आयोजन अध्यक्ष एवं जेन एक्स इंफ्रा होम्स प्रा. लि. (Gen X Infra Homes Private Limited) के डायरेक्टर गौरव भालोटिया ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता की अलख जगाना भी है। आज के समय में युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। कई बार युवा गलत संगति और जागरूकता की कमी के कारण नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं। ऐसे में खेल उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर प्रदान करता है।
भालोटिया ने कहा कि हमारा प्रयास है कि क्रिकेट के मैदान से नशा मुक्ति का ऐसा संदेश निकले, जो समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। युवा देश का भविष्य हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में होना चाहिए, न कि नशे जैसी बुराई में। खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाता है।

उन्होंने आगे कहा कि नशा मुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों को मिलकर प्रयास करना होगा। लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं को खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी आवश्यक है। इस टूर्नामेंट के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की प्रेरणा मिलेगी।
आयोजन सचिव शशि कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में छह टीमें भाग लेंगी। इनमें डीआरएम ऑफिस, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड, सचिवालय, जीएसटी, पुलिस विभाग और सीएजी की टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छह टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। ग्रुप चरण के मुकाबलों के बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल मुकाबले के जरिए टूर्नामेंट के विजेता का फैसला होगा।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न विभागों की टीमों को एक मंच पर लाने के साथ खेल भावना, आपसी सहयोग और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।

नवंबर माह में पटना के ऊर्जा स्टेडियम में प्रस्तावित इस टूर्नामेंट का लक्ष्य क्रिकेट के रोमांच के साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। संवाददाता सम्मेलन में टीमों के प्रतिनिधि रेहान दीवान खान, मनोज यादव, अश्विनी, विभाष कुमार, संजीव जी,गुलशन कुमार और पंकज मिश्रा मौजूद थे।
Share this content: