बिहार राज्य अंडर-17 ओपन बालक व बालिका फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में जयेश मिश्रा व अर्पिता सिंह चैंपियन।
- बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता सम्पन्न
- जयेश मिश्रा एवं अर्पिता सिंह को मिला बिहार राज्य अंडर-17 का खिताब,
- प्रणीत सिन्हा एवं नव्या गोयनका बने उपविजेता
पटना : अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के बालक वर्ग का खिताब दरभंगा के जयेश मिश्रा को गया जबकि उपविजेता का खिताब मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा ने जीता। वहीं बालिका वर्ग में भोजपुर की अर्पिता सिंह ने साढ़े सात अंक बनाकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली जबकि सात अंकों के साथ रही मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका उपविजेता घोषित की गई।
आज प्रतियोगिता के नौवें चक्र में शीर्ष बोर्ड पर जयेश और आदित्य के बीच पर्क सुरक्षा पद्धति से खेली गई बाजी में दोनों खिलाड़ियों ने मात्र 21 चालों में अपने सारे मोहरों की अदला बदलीं कर ली और अगले 20 चालों तक प्यादों से खेलते रहे। खेल में कोई प्रगति न देख दोनों खिलाड़ियों ने आपसी सहमति से बाजी ड्रॉ कर ली।

दो नम्बर बोर्ड पर प्रणीत सिन्हा और प्रेम कुमार के बीच खेली गई इंग्लिश ओपनिंग के रोमांचक खेल में दोनों खिलाड़ियों ने बहुत तेजी से मोहरों की अदला बदली कर ली और अंत के खेल में प्रणीत ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्यादे को वजीर बनाने की दिशा में सफलता पा ली और प्रेम ने बाजी छोड़ दी।
वहीं बोर्ड नंबर तीन पर मुजफ्फरपुर के तेजस शांडिल्य एवं खगड़िया के आर्यन के बीच क्वीन पॉन ओपनिंग के क्रूस वेरिएशन में खेली गई 92 चालों की मैराथन पारी अनिर्णीत रही।
बालिकाओं के वर्ग में शुरू से प्रतियोगिता में बढ़त लेकर खेल रही अर्पिता ने आज अपने अंतिम मुकाबले को ड्रा में खेल कर साढ़े सात अंकों के साथ प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। कटिहार के मून के साथ काले मोहरों से सिसिलियन पद्धति से खेलते हुए अर्पिता ने 27 चालों में बाजी ड्रॉ कर खिताब पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका को गया जिन्होंने किशनगंज की धान्वी कर्मकार को क्लोज्ड सिसिलियन के खेल में 32 चालों में पराजित किया।
वहीं तीन नम्बर बोर्ड पर बेगूसराय की इशिका ने पटना की सान्वी को पराजीत कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।अंतिम चक्र की समाप्ति के पश्चात आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि सीतामढ़ी के जाने माने चिकित्सक डॉ संजय कुमार वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि द्वय हेमेन्द्र कुमार यादव, प्राचार्य, सीतामढ़ी सेंट्रल स्कूल तथा श्रीमती चंदा सिन्हा, प्राचार्या, हेलेन स्कूल, सीतामढ़ी ने सभी विजेताओं को नगद इनामी राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अनिकेत सुमन, सचिव विजय कुमार, प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक मनीष कुमार, उप मुख्य निर्णायक शशिनंद कुमार, अंतर्राष्ट्रीय शतरंज निर्णायक नंदकिशोर एवं आलोक प्रियदर्शी, प्रतियोगिता के निर्णायक मीना यादव, शुभम कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रथम दस स्थानों पर रहे विजेताओं की सूची इस प्रकार है:
ओपन वर्ग
********************
स्थान, नाम, जिला ,अंक
********************
1.जयेश मिश्रा, दरभंगा, 7.5
2.प्रणीत सिन्हा, मुज़फ़्फ़रपुर, 7
3.आर्यन कुमार, खगड़िया, 6.5
4.ईशान सात्वत, पटना, 6.5
5.अनुभव मिश्रा, मधुबनी, 6.5
6.तेजस शांडिल्य, मुज़फ़्फ़रपुर, 6.5
7.आदित्य कुमार, खगड़िया, 6.5
8.प्रेम कुमार, छपरा, 6
9.शिवांश बरनवाल, पश्चिम चंपारण, 6
10.पार्थवाह, मुज़फ़्फ़रपुर, 6
बालिका वर्ग
********************
स्थान, नाम, जिला ,अंक
********************
1. अर्पिता सिंह, भोजपुर, 7.5
2. नव्या गोयनका, मुज़फ़्फ़रपुर, 7
3. इशिका, बेगूसराय, 6.5
4. दिशा कुमारी, मुज़फ़्फ़रपुर, 6
5. शालिनी श्रीवास्तव, पटना, 5.5
6. मून, कटिहार, 5.5
7. आराध्या प्रकाश, पटना, 5
8. आरोही सागर, पटना, 5
9. जयश्री प्रभा, किशनगंज, 5
10. धान्वी कर्मकार, किशनगंज, 4.5
Share this content:



Post Comment