देवघर: देवघर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत एमसीए बाउंसर और साइ बी के बीच मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में साइ बी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमसीए बाउंसर की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए। टीम की ओर से दीपेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 गेंदों में 11 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 116 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं सौम्यक जैन ने 69 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाए।साइ बी की ओर से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद आबिद ने 7 ओवर में 53 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साइ बी की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 29.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से मोहम्मद अदीब ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। वहीं यश कुमार ने 38 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 40 रन तथा एमके माही ने 38 गेंदों में 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

एमसीए बाउंसर की ओर से गेंदबाजी करते हुए इमरान ने 7 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि किशन ने 7 ओवर में 45 रन देकर 2 विकेट चटकाए।इस प्रकार साइ बी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत हासिल की।मैच में अंपायर के रूप में अभिषेक आनंद और राजेश दुबे मौजूद थे, जबकि स्कोरर की भूमिका पवन कुमार ने निभाई।

Share this content: